17 flights cancelled in Mumbai: मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश का असर अब हवाई यातायात पर भी साफ दिख रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौसम खराब होने की वजह से उड़ानों का संचालन काफी प्रभावित हुआ है।
रविवार रात 12 बजे से सोमवार शाम 5 बजे तक कुल 17 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा लगभग 365 उड़ानें देरी से चलीं, जिससे हजारों यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों की यात्रा योजनाएं भी बिगड़ गईं।
फ्लाइट ट्रैकिंग जानकारी के अनुसार, खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानों को बीच रास्ते से दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। करीब 5 उड़ानों का रूट बदल दिया गया। इनमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानें शामिल थीं।
इंडिगो और आकासा एयर की एडवाइजरी जारी
इंडिगो और आकासा एयर ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दोनों एयरलाइंस ने कहा है कि मुंबई के साथ-साथ पुणे और गोवा की उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें।खराब मौसम का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है। कुवैत और दोहा से आने-जाने वाली कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा रायपुर, दिल्ली, सिंगापुर और कोलकाता से आने वाली कई उड़ानों को दूसरे शहरों में डायवर्ट करना पड़ा।
बारिश के कारण एयरपोर्ट पर उड़ानों का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया है। आने और जाने वाली ज्यादातर उड़ानें अपने तय समय से देर से चल रही हैं। औसतन फ्लाइट्स लगभग 1 घंटे से ज्यादा लेट हो रही हैं, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की जानकारी जरूर जांच लें ताकि किसी परेशानी से बचा जा सके।
