पंजाब डेस्क : पंजाब सरकार ने राज्य के व्यापारिक बाजारों की हालत सुधारने और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने बाजारों के विकास कार्यों के लिए 40 करोड़ रुपये के विशेष फंड को मंजूरी दी है।
इस राशि का उपयोग अलग-अलग जिलों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा।
अमृतसर और तरनतारन को मिलेगा 2-2 करोड़ रुपये
सरकार की योजना के अनुसार अमृतसर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 2 करोड़ रुपये तय किए गए हैं। वहीं, तरनतारन जिले को भी 2 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। इन पैसों से बाजारों में जरूरी विकास कार्य किए जाएंगे।
व्यापारियों ने सरकार का जताया आभार
पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य और माझा जोन प्रभारी शीतल जुनेजा, डीएसटीसी तरनतारन के चेयरमैन हरमनदीप सिंह मैनी और वाइस चेयरमैन अभिषेक बंसल ने इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह फैसला व्यापारियों के हित में है।
इन कामों पर खर्च होगी राशि
शीतल जुनेजा ने बताया कि इस फंड से बाजारों में लंबे समय से चली आ रही कई समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके तहत सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएंगे, सड़कों की मरम्मत और निर्माण कराया जाएगा, बिजली से जुड़ी दिक्कतों को दूर किया जाएगा और अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
व्यापारियों और लोगों को होगा फायदा
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य बाजारों को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाना है। बेहतर बुनियादी ढांचे से व्यापारियों के साथ-साथ खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में व्यापार को बढ़ावा देने और बाजारों के विकास के लिए आगे भी ऐसे कदम उठाए जाते रहेंगे।
