Ram Temple donation theft : नई दिल्ली। श्रीराम मंदिर से मिले सीसीटीवी फुटेज में चढ़ावे में मिले नकदी पैसे की कथित चोरी के आरोप में गिरफ्तार 8 में से 5 लोग गिनती के दौरान कैश निकालते और छिपाते नजर आए।
राम मंदिर के पिलग्रिम फैसिलिटी सेंटर के 45 दिनों के फुटेज की बारीकी से जांच करने पर पता चला कि गिनती करने वाले 5 कर्मचारी नोटों की गड्डियां निकाल रहे थे और उन्हें अपने कपड़ों या मोजों में छिपा रहे थे।
80 लाख बरामद; 8 गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों के बताए स्थानों पर तलाशी भी ली। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दान का पैसा निकालते हुए दिखे आरोपियों से जुड़ी जगह की तलाशी ली है और कैश बरामद किया है। पुलिस ने अब तक करीब 80 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने 25 जून को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की और 8 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, राम शंकर यादव उर्फ टीनू यादव और सुभाष श्रीवास्तव हैं।
दान गिनती के दौरान नोट छिपाने का आरोप
टीनू यादव ट्रस्ट महासचिव चंपत राय के पूर्व ड्राइवर हैं। मनीष यादव टीनू के भतीजे हैं। सूत्रों ने कहा कि अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला और मनीष यादव से जुड़े परिसरों से नकदी बरामद की गई है। सूत्रों ने बताया कि ट्रस्ट ने मंदिर की अलग-अलग हुंडियों में डाले गए नोटों और सिक्कों की गिनती के लिए करीब 50 लोगों को काम पर लगाया। एक अधिकारी ने कहा कि गिनती के दौरान पांच लोगों को नोटों के बंडल को ढेर से उठाते, उन्हें अपने कपड़ों में छिपाते या मोजे में भरते हुए देखा जा सकता है। इन लोगों से जुड़ी जगहों पर तलाशी के दौरान कैश बरामद किया गया है।
खुल रहीं दान घोटाले की परतें
दुर्भाग्य से मंदिर में 45 दिनों से अधिक का सीसीटीवी फुटेज नहीं रखा जाता है, इसलिए हम पक्के तौर पर नहीं कह सकते कि यह चोरी कितने समय से चल रही थी। अधिकारी ने कहा कि पुलिस अब आरोपियों से जुड़ी जगहों से मिले दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या चोरी के पैसे से कोई संपत्ति या एसेट खरीदा गया था। अधिकारी ने यह कहा कि हम उन अलग-अलग तरीकों की भी जांच कर रहे हैं जिनसे मंदिर से दान का पैसा चोरी किया गया। बैंक के कर्मचारी भी जांच के दायरे में हैं।
खबरें और भी हैं :-
भारत-जापान का पाक को कड़ा संदेश : सीमा पर आतंकवाद बर्दाश्त नहीं
सार्वजनिक शौचालय: विकास के आईने पर जमी गंदगी
NCR में मानसून की दमदार एंट्री, झमाझम बारिश से मिली राहत
CET ग्रुप-डी फॉर्म भरने का अंतिम मौका, रजिस्ट्रेशन 11 लाख के पार
