नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक बहुत ही दुखद हादसा सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे देखने के बाद लोग हैरान रह गए हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला का पोता घर के अंदर थार गाड़ी पार्क कर रहा था। उसी समय बुजुर्ग महिला घर का मुख्य गेट बंद करने के लिए बाहर खड़ी थीं। तभी अचानक गाड़ी बैक गियर में चल पड़ी और तेजी से पीछे की ओर आने लगी।
जब महिला ने गाड़ी को अपनी तरफ आते देखा, तो वह घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। उन्होंने गाड़ी को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह उसे रोक नहीं सकीं। कुछ ही सेकंड में गाड़ी पीछे की तरफ दीवार से टकरा गई। इस दौरान महिला गाड़ी और दीवार के बीच बुरी तरह फंस गईं। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
महिला की आवाज सुनकर परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में यह एक हादसा लगता है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

