Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
होटल के कमरे में चल रहा था सट्टे और जुए का अड्डा, 20 गिरफ्तार; 1.62 लाख रुपए, वाहन और मोबाइल बरामद

होटल के कमरे में चल रहा था सट्टे और जुए का अड्डा, 20 गिरफ्तार; 1.62 लाख रुपए, वाहन और मोबाइल बरामद

नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में पुलिस ने जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 62 हजार 250 रुपए की नकदी, 160 ताश के पत्ते, 7 दोपहिया वाहन, एक चार पहिया वाहन तथा 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई सोमवार को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-49 की टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-51 स्थित सनराइज होटल के एक कमरे में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और मौके से 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, मथुरा, झांसी, गोरखपुर, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और हरियाणा के निवासी शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने-अपने वाहनों से होटल पहुंचे थे और किराये पर कमरा लेकर आपसी सहमति से नकदी दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में नकदी और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। बरामदगी में 1,62,250 रुपये नकद, 160 ताश के पत्ते, 22 मोबाइल फोन, 7 मोटरसाइकिल तथा एक चार पहिया वाहन शामिल हैं।

पुलिस का मानना है कि मोबाइल फोन के माध्यम से भी सट्टेबाजी और संपर्क का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनमें सचिन गुप्ता के खिलाफ मारपीट और नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज है, जबकि मनोज कुमार के खिलाफ सड़क दुर्घटना से संबंधित मुकदमा दर्ज है।

वहीं, मोहम्मद शमीम और कपिल शर्मा के खिलाफ पहले भी सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई हो चुकी है। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि होटल प्रबंधन को इस गतिविधि की जानकारी थी या नहीं और क्या इस स्थान का इस्तेमाल पहले भी जुए के अड्डे के रूप में किया जाता रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Deshbandhu