Dailyhunt
फरीदाबाद: बल्लभगढ़ बस डिपो में बड़ा हादसा, दो बसों के बीच दबकर ड्राइवर गंभीर रूप से घायल

फरीदाबाद: बल्लभगढ़ बस डिपो में बड़ा हादसा, दो बसों के बीच दबकर ड्राइवर गंभीर रूप से घायल

रीदाबाद। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ बस डिपो में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस डिपो में मौजूद अन्य चालक और परिचालकों में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने बसों का संचालन रोककर विरोध जताया।

मिली जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ बस स्टैंड स्थित सिटी बस सर्विस स्टेशन पर चालक कैलाश, जो मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला है, अपनी बस के पास खड़ा होकर दूसरी बस को पीछे कराने में मदद कर रहा था।

बताया जा रहा है कि जैसे ही दूसरी बस को पीछे किया जा रहा था, अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया और अनियंत्रण होकर बस बाहर हो गई और वहां पास में खड़ी दूसरी बस से टकरा गई। इसी दौरान कैलाश दोनों बसों के बीच में आ गया और बसों के बीच दब गया। इस हादसे में कैलाश को कंधे और सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद अन्य चालक और परिचालकों ने तुरंत उसे बसों के बीच से निकाला और इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

फिलहाल, अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बल्लभगढ़ बस स्टैंड से सिटी बस चलाने वाले चालक संतराम ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका एक साथी दो बसों के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस सूचना के बाद बस डिपो में मौजूद सभी चालकों और परिचालकों में नाराजगी फैल गई।

चालकों का कहना है कि बसों की समय पर ठीक तरह से देखभाल और सर्विस नहीं की जाती। कई बसें लंबे समय से बिना सही मेंटेनेंस के ही सड़कों पर चलाई जा रही हैं। उनका आरोप है कि अगर बसों की नियमित जांच और मरम्मत होती तो शायद यह हादसा नहीं होता। इसी बात को लेकर सभी चालक और परिचालक बस डिपो पर ही धरने पर बैठ गए और बसों का संचालन रोक दिया। चालकों की मांग है कि पहले कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आए और उनसे बातचीत करे, उसके बाद ही बस सेवा को दोबारा शुरू किया जाएगा।

वहीं, सिटी बस के ऑपरेशन मैनेजर अमित ने कहा कि यह एक तकनीकी हादसा है। उन्होंने बताया कि बसों की समय-समय पर सर्विस कराई जाती है, लेकिन जिस बस से यह हादसा हुआ है, उसमें किसी तकनीकी खराबी के कारण ब्रेक फेल हो गया होगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि हादसा किस वजह से हुआ। फिलहाल, घायल चालक कैलाश का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Deshbandhu