Dailyhunt
सुपवा के छात्रों ने बजाया हिसार में डंका

सुपवा के छात्रों ने बजाया हिसार में डंका

जीजेयू हिसार के तीन दिवसीय साहित्योत्सव अक्षरम की क्रिएटिव पार्टनर रही सुपवा

  • कुलगुरु डॉ. अमित आर्य नेतृत्व में लिया हिस्सा

रोहतक (देशबन्धु)। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के छात्र-छात्राओं की क्रिएटिविटी को तीन दिवसीय साहित्योत्सव अक्षरम में जमकर सराहना मिली।

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू), हिसार में आयोजित किए गए अक्षरम की क्रिएटिविटी पार्टनर डीएलसीसुपवा रही। इस दौरान सुपवा के छात्र-छात्राओं ने फैशन शो, बैंड, डांस में भाग लिया, जबकि पेंटिंग, स्कल्पचर, पॉटरी आदि कलाओं का लाइव प्रदर्शन किया।

डीएलसीसुपवा कुलगुरु डॉ. अमित आर्य की अगुवाई में 140 छात्र-छात्राएं, फैकेल्टी सदस्य व अन्य स्टाफ हिसार पहुंचे। डॉ. आर्य अक्षरम के उद्घाटन सत्र में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर मौजूद रहे, जबकि हरियाणा का साहित्य और पत्रकारिता में योगदान विषय पर आयोजित संगोष्ठी का भी हिस्सा रहे। अक्षरम के दौरान डीएलसीसुपवा के छात्रों को अपनी प्रतिभाएं दिखाने के लिए अलग-अलग मंच व स्थान मिले। कहीं फिल्म एंड टेलीविजन के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया तो कहीं शारीरिक गति के मनोभाव का प्रदर्शन किया। विजुअल आर्ट्स के छात्रों ने हिसारवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लाइव पेंटिंग, स्कल्पचर मेकिंग, पॉटरी आदि देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही। लक्षिता जांगड़ा ने विद्या की देवी मां सरस्वती की पेंटिंग बनाई, जो तुरंत बिक गई।

अक्षरम के पहले दिन रात 9:30 बजे से 11:30 बजे तक ओपन थियेटर में सुपवा बैंड ने करीब 2 घंटे की रंगारंग प्रस्तुति दी। जीजेयू के छात्रों की भारी मौजूदगी व उनकी पुरजोर मांग के कारण यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने रात 11:30 बजे तक सुपवा बैंड की प्रस्तुति जारी रखने की इजाजत दी। इस दौरान सुपवा बैंड की जमकर सराहना हुई।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Deshbandhu