Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
टीएमसी में गहराया संकट, काकोली घोष ने कल्याण बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप, स्पीकर से की शिकायत

टीएमसी में गहराया संकट, काकोली घोष ने कल्याण बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप, स्पीकर से की शिकायत

ई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। पार्टी की वरिष्ठ सांसद डॉ. काकोली घोष दस्तीदार ने अब अपनी ही पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को औपचारिक शिकायत भेजी है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि संसद के भीतर उनके साथ कई बार अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और मौखिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

लोकसभा स्पीकर को लिखी शिकायत

काकोली घोष ने अपने पत्र में लोकसभा अध्यक्ष से न्याय की मांग करते हुए कहा कि टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी लगातार उनके साथ अपमानजनक व्यवहार करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण बनर्जी का रवैया महिला विरोधी है और वह अन्य महिला सांसदों के साथ भी इसी तरह का व्यवहार कर चुके हैं। सांसद ने कहा कि संसद जैसे लोकतांत्रिक संस्थान में इस तरह की भाषा और व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में किसी महिला सांसद को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

इस्तीफे के बाद बढ़ा विवाद

इस विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब हाल ही में काकोली घोष ने तृणमूल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद और पार्टी के अन्य पदों से इस्तीफा दे दिया था। अपने त्यागपत्र में उन्होंने एक शिक्षित और वरिष्ठ सांसद के महिला विरोधी व्यवहार का जिक्र किया था, लेकिन उस समय नाम सार्वजनिक नहीं किया था। अब स्पीकर को लिखे गए पत्र से साफ हो गया है कि उनका इशारा कल्याण बनर्जी की ओर था।

सूत्रों के मुताबिक, काकोली घोष ने इस मामले को लेकर पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी से भी शिकायत की थी। हालांकि उन्हें कोई ठोस आश्वासन या समर्थन नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से विरोध दर्ज कराने का फैसला किया।

TMC के लिए बढ़ी राजनीतिक मुश्किल

चुनावी हार से उबरने की कोशिश कर रही तृणमूल कांग्रेस के लिए यह विवाद नई चुनौती बन गया है। पार्टी के भीतर महिला सांसद द्वारा अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता पर गंभीर आरोप लगाना टीएमसी नेतृत्व के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।

भाजपा ने क्या कहा

इस पूरे मामले पर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि यह टीएमसी का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान पश्चिम बंगाल के विकास और जनता के मुद्दों पर है, न कि विपक्षी दलों के अंदरूनी विवादों पर।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Deshbandhu