Dailyhunt
41 अफसर लगाए इलेक्शन पर्यवेक्षक, चुनाव आयोग ने पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए सौंपी जिम्मेदारी - Divya Himachal

41 अफसर लगाए इलेक्शन पर्यवेक्षक, चुनाव आयोग ने पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए सौंपी जिम्मेदारी - Divya Himachal

Divya Himachal 2 weeks ago

चुनाव आयोग ने पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए सौंपी जिम्मेदारी, कई जगह बदले पर्यवेक्षक

स्टाफ रिपोर्टर - शिमला

हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर स्टेट इलेक्शन कमीशन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी कड़ी में इलेक्शन कमिश्नर अनिल खाची ने राज्य भर में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 41 आईएएस, आईएफएस, एचएएस और एचपीएफएस अधिकारियों को इलेक्शन पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया है। इस संबंध में औपचारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। सभी नियुक्त ऑब्जर्वरों को तुरंत अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही उन्हें चुनाव से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और दिशा-निर्देश शिमला स्थित मुख्यालय से प्राप्त करने को कहा गया है। आयोग ने पहले शहरी निकाय चुनावों के लिए नियुक्त किए गए ऑब्जर्वरों की जगह अब नए अधिकारियों को विभिन्न नगर निगम, नगर परिषद और ब्लॉक स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी है। बिलासपुर जिले में नगर परिषद बिलासपुर, नगर परिषद घुमारवीं, बिलासपुर ब्लॉक और घुमारवीं ब्लॉक के लिए आईएएस रोहित जम्वाल की जगह अब एचएएस अधिकारी दीप्ति मंढोत्रा को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। वहीं, राम कुमार गौतम की जगह सुनील को नई जिम्मेदारी दी गई है।

यहां ये अधिकारी रखेंगे चुनावी गतिविधियों पर नजर

नगर निगम पालमपुर, बैजनाथ और पालमपुर ब्लॉक के चुनावों के लिए राम कुमार गौतम के स्थान पर आईएएस सुनील शर्मा को ऑब्जर्वर बनाया गया है। इसी तरह कुल्लू जिले में नगर परिषद कुल्लू, नगर परिषद मनाली, नगर पंचायत भुंतर, नग्गर ब्लॉक, कुल्लू ब्लॉक और भुंतर ब्लॉक के लिए आईएएस नीरज कुमार की जगह आईएएस राजीव कुमार को तैनात किया गया है। सोलन जिले में नगर निगम सोलन, नगर पंचायत कंडाघाट, सोलन ब्लॉक, कंडाघाट ब्लॉक और धर्मपुर ब्लॉक के लिए अश्वनी कुमार के स्थान पर दोरजे छेरिंग को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। वहीं, धर्मशाला नगर निगम, कांगड़ा नगर परिषद, धर्मशाला ब्लॉक, कांगड़ा और रेत ब्लॉक के लिए विनय सिंह की जगह आईएएस प्रदीप कुमार को ऑब्जर्वर बनाया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार इन नियुक्तियों का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराना है। सभी ऑब्जर्वर अपने-अपने क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal