Dailyhunt
अगले हफ्ते फिर लौटेगा आंधी-तूफान, हिमाचल सहित दर्जन भर राज्यों में झमाझम बरसेंगे बदरा - Divya Himachal

अगले हफ्ते फिर लौटेगा आंधी-तूफान, हिमाचल सहित दर्जन भर राज्यों में झमाझम बरसेंगे बदरा - Divya Himachal

Divya Himachal 1 week ago

पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू की चेतावनी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो - नई दिल्ली

भारत मौसम विज्ञान विभाग के नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले हफ्ते भी देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे।

मौसम विभाग ने एक तरफ उत्तर-पश्चिम भारत के लिए आंधी-तूफान का नया अलर्ट जारी किया है,तो दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू चलने की चेतावनी दी है। पूर्वानुमान में आईएमडी ने कहा है कि 10 से 12 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में गरज-चमक, बिजली कडक़ने और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का एक नया दौर आने की संभावना है। इसका प्रभाव मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने करीब दर्जन भर राज्यों में अगले सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा है कि दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल में अगले छह-सात दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने ये भी अनुमान जताया है कि पूर्वोत्तर भारत में भी अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में व्यापक रूप से बारिश और कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।

मौसम के दूसरे मिजाज के बारे में अनुमान लगाते हुए आईएमडी ने कहा है कि देश के कई हिस्सों में गर्मी का सितम भी शुरू हो गया है। विदर्भ, तेलंगाना, रायलसीमा और पश्चिमी राजस्थान में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, वर्धा (महाराष्ट्र) में पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सर्वाधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले हफ्ते का पूर्वानुमान जारी करते हुए आईएमडी ने कहा है कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में नौ से 11 मई के दौरान लू चलने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही कोंकण, गोवा और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इसके तहत जम्मू-कश्मीर, लद्दाख-गिलगिट-बालटिस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब और हरियाणा और दिल्ली में 10 से12 मई के दौरान और हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड में 11 और 12 मई को गरज, बिजली चमकने के साथ तेज़ हवाओं के साथ, कहीं छिटपुट तो कहीं मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 60 किलोमीटर की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal