स्टाफ रिपोर्टर - शिमला
प्रदेश की राजधानी शिमला में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ग्रीष्मोत्सव-2026 की तिथियों में बदलाव किया गया है। प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब यह उत्सव 8 जून से 12 जून, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
पहले इस समर फेस्टिवल को 1 जून से 5 जून तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन आगामी पंचायती राज चुनावों और प्रशासनिक व्यस्तताओं को देखते हुए इसमें संशोधन किया गया है। उपायुक्त शिमला एवं ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनावी प्रक्रिया के चलते प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह व्यस्त रहेगी, ऐसे में आयोजन की सुचारू व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए तिथियों में बदलाव का निर्णय लिया गया है, ताकि उत्सव को बेहतर और व्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ग्रीष्मोत्सव शिमला की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक व स्थानीय लोग इसमें भाग लेते हैं। ऐसे में आयोजन को सफल और भव्य बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्व समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम की रूपरेखा, सांस्कृतिक संध्याएं, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां और अन्य आकर्षण पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे, केवल तिथियों में बदलाव किया गया है। शिमला ग्रीष्मोत्सव को लेकर पर्यटन व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। नई तिथियों के साथ अब यह उम्मीद जताई जा रही है कि आयोजन और भी अधिक भव्यता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।
- पंकज चौहान

