शक्तिपीठ बज्रेश्वरी मंदिर ट्रस्ट की बैठक के दौरान हुए विकास और सुरक्षा से जुड़े अहम फैसले
दिव्य हिमाचल टीम - कांगड़ा
शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा के सभागार में मंदिर ट्रस्ट की महत्त्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम कांगड़ा एवं मंदिर अधिकारी इशांत जसवाल ने की। इस अवसर पर तहसीलदार कांगड़ा प्रकाश चंद सहित मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में मंदिर के विकास, सुरक्षा, स्वच्छता तथा आय वृद्धि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। ट्रस्ट ने निर्णय लिया कि नगर परिषद गोसदन व बज्रेश्वरी घाट में सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जिससे ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ खर्चों में भी कमी लाई जा सकेगी। बैठक में एक श्रद्धालु को मंदिर के चांदी के चौंके की मरम्मत करवाने की अनुमति प्रदान की गई।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भोगशाला और गर्भगृह में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने को भी मंजूरी दी गई। श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से श्री मंदिर ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था शुरू करने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अलावा संयुक्त कार्यालय भवन परिसर में स्थित माता ब्रजेश्वरी पुस्तकालय को मंदिर ट्रस्ट की देखरेख में संचालित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में समेकित कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि करने पर भी सहमति बनी। वज्रेश्वरी घाट में नई दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया, जिससे मंदिर की आय में वृद्धि होने की संभावना है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए होमगार्ड जवानों के अतिरिक्त सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से भी सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया।

