Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बारिश का कहर...पंगोला नाले की बाढ़ से सडक़ बंद - Divya Himachal

बारिश का कहर...पंगोला नाले की बाढ़ से सडक़ बंद - Divya Himachal

Divya Himachal 2 weeks ago

चंबा-तीसा सडक़ पर पांच घंटे ठप रही गाडिय़ों की आवाजाही, नकरोड़-थल्ली मार्ग भी प्रभावित, यात्री परेशान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह पंगोला नाले में आए फ्लैश फ्लड के कारण करीब पांच घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही।

इस दौरान तीसा रूट पर चलने वाली सरकारी और निजी बसों सहित बड़ी संख्या में वाहन बीच रास्ते में फंस गए। कड़ी मशक्कत के बाद लोक निर्माण विभाग ने दोपहर करीब एक बजे मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया, जिसके बाद फंसे हुए वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह उपमंडल के ऊपरी क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश के चलते पंगोला नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव के कारण चंबा-तीसा मुख्य मार्ग तथा नकरोड़-थल्ली संपर्क मार्ग का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दोनों मार्गों पर यातायात बाधित हो गया।

मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीनों और फील्ड स्टाफ को मौके पर भेजकर सडक़ बहाली का कार्य शुरू कर दिया। विभाग ने पहले छोटे वाहनों के लिए मार्ग को सुचारु किया और उसके बाद बड़े वाहनों की आवाजाही भी दोपहर बाद सामान्य कर दी। इस बीच उपमंडलीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा अनावश्यक यात्रा करने से बचें। फिलहाल, पंगोला नाले में आए फ्लैश फ्लड के कारण सोमवार को चंबा-तीसा मार्ग पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal