कार्यालय संवाददाता - कुल्लू
लाहुल-स्पीति सहित मनाली के धुंधी और अटल टनल रोहतांग के साउथ और नोर्थ पोर्टल में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को मौसम ने करवट बदली है और लाहुल में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया था।
वहीं, शनिवार को मौसम का मिजाज और बिगड़ा और लाहुल-स्पीति में बर्फबारी शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार बारालाचा, कुंजुम में डेढ़ फुट तक ताजा हिमपात हो गया है।
वहीं, रोहतांग दर्रा में भी बर्फबारी हुई है। लाहुल-स्पीति जिला के केलांग, तांदी, ठोलंग में भी हल्की बर्फबारी हुई है। इसके अलावा अटल टनल रोहतांग के नोर्थ पोर्टल और साउथ पोर्टल, कोकसर और आसपास के इलाकों में छह इंच बर्फबारी हुई है। केलांग तीन इंच, चंद्रावैली दस इंच बर्फबारी हुई है। ऊंची चोटियों पर मौसम ने अचानक करवट बदली है और कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ-साथ बर्फबारी भी शुरू हो चुकी है। कुल्लू, लाहुल-स्पीति और रोहतांग की वादियों में बदलते मौसम ने जहां तापमान में गिरावट ला दी है, वहीं पर्यटकों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी है। अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर हुई ताजा बर्फबारी ने इस पर्यटन स्थल को एक बार फिर बर्फ की चादर में लपेट दिया है। वहीं सडक़ों पर फिसलन बढ़ गई है।

