Dailyhunt
चंबा के 3,99,858 मतदाता देंगे वोट - Divya Himachal

चंबा के 3,99,858 मतदाता देंगे वोट - Divya Himachal

Divya Himachal 1 week ago

पायुक्त बोले, ग्रामीण संसद के चुनावों में इस बार 196932 महिला और 202926 पुरुष मतदाता दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेप्सवाल ने कहा कि ग्रामीण संसद के चुनावों में इस बार जिला चंबा में 399858 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इनमें 196932 महिला तथा 202926 पुरुष मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 7995 नए मतदाता जोड़े गए हैं। वह गुरुवार को मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला चंबा के सात विकास खंडों चंबा,भरमौर, भाटियात, मैहला, सलूणी, तीसा और पांगी में 1019 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 840 सामान्य, 133 संवेदनशील तथा 46 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 3813 अधिकारियों-कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिल चंबा में चुनाव तीन चरणों में आयोजित होंगे। प्रथम चरण 26 मई, द्धितीय चरण 28 मई तथा तृतीय चरण 30 मई को संपन्न होगा। इन चरणों में जिले की कुल 319 ग्राम पंचायतों के 1793 वार्डों में मतदान संपन्न होगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के विभिन्न विकास खंडों में मतदान दलों के लिए पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) निर्धारित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया को निर्बाध एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न किया जा सके।

उन्होंन कहा कि पांगी क्षेत्र के लगभग 4500 मीटर तक के दुर्गम क्षेत्र चस्क भटोरी में मतदान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जबकि तीसा विकास खंड के तहत गांव टेपा में 3667 मीटर की ऊंचाई पर मतदान केंद्र स्थापित किया गया है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन में वरिष्ठ नागरिकों की भागेदारी भी उल्लेखनीय है। जहां कई मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। इसके अतिरिक्त 18 वर्ष आयु वर्ग के 1741 नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मिलेगी प्रोत्साहन राशि
उपायुक्त ने यह भी बताया कि निर्विरोध पंचायतों के गठन के लिए प्रोत्साहन-पुरस्कार योजना के तहत ग्राम पंचायत को 25 लाख रुपए, पंचायत समिति को 50 लाख रुपए तथा जिला परिषद को एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।

मतदाताओं से अपील, जरूर दें वोट
मुकेश रेप्सवाल ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढक़र भाग लें तथा बिना किसी प्रलोभन के अपनी प्राथमिकताओं के अनुरूप अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए सभी नागरिक निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर मतदान करें और एक सशक्त एवं पारदर्शी शासन व्यवस्था के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि पंचायती राज सामान्य चुनाव-2026 के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal