मजबूरी में सडक़ किनारे खड़े किए जा रहे वाहन, जाम से एंबुलेंस की आवाजाही भी हो रही प्रभावित
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाणा में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के साथ पार्किंग की समस्या भी गंभीर होती जा रही है।
प्रदेशभर से इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल में उपचार के साथ-साथ वाहन पार्क करने के लिए भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सीमित पार्किंग के कारण अधिकांश वाहन सडक़ किनारे खड़े किए जा रहे हैं, जिससे अस्पताल मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है। इसका सबसे अधिक असर एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही पर पड़ रहा है। अस्पताल में फिलहाल स्टाफ के लिए सीमित पार्किंग उपलब्ध है, जबकि मरीजों के लिए केवल पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था है।
मरीज को उतारने के बाद परिजनों को काफी दूर वाहन पार्क कर पैदल अस्पताल पहुंचना पड़ता है, जिससे बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को अतिरिक्त दिक्कत होती है। पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए अस्पताल प्रशासन ने 1400 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक पार्किंग का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें मरीजों और तीमारदारों के लिए 1000 तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए 400 वाहनों की अलग पार्किंग बनाने की योजना है। परियोजना के लिए भूमि चिन्हित की जा चुकी है और लोक निर्माण विभाग विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर रहा है।
अंतिम चरण में प्रक्रिया
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाक्र सुधीर शर्मा ने बताया कि परियोजना अंतिम चरण में है। एस्टीमेट तैयार होने के बाद प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
