सिहुंता स्कूल में भूकंप सुरक्षा पर मॉकड्रिल कर छात्रों को किया जागरूककार्यालय संवाददाता-सिहुंता
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुंता में शनिवार को चार अप्रैल 1905 के कांगड़ा भूकंप की 121वीं बरसी के अवसर पर एक विशेष भूकंप सुरक्षा माक ड्रिल का आयोजन किया गया।
माक ड्रिल के दौरान शनिवार सवेरे ग्यारह बजे जैसे ही इमरजेंसी सायरन बजा तो पूरा पाठशाला परिसर सक्रिय हो गया। ड्राप, कवर और होल्ड आन का पालन करते हुए छात्रों ने अपनी कक्षाओं में मेजों के नीचे शरण ली और स्वयं को सुरक्षित किया। सायरन बंद होने के बाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी छात्र बिना भगदड़ मचाए, सिर को ढकते हुए पूर्व-निर्धारित सुरक्षित रास्तों से होते हुए स्कूल के खुले मैदान में एकत्रित हुए। स्कूल की डिजास्टर मैनेजमेंट टीम ने प्रतीकात्मक रूप से भवन का निरीक्षण किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अंदर फंसा न रह जाए।
प्रधानाचार्य पवन कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए 1905 के भूकंप की भयावहता का जिक्र किया। उन्होंने कहा आज का दिन केवल इतिहास को याद करने का नहीं बल्कि उससे सीख लेने का है। चार अप्रैल 1905 को आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी, क्योंकि उस समय जागरूकता की कमी थी। उन्होंने कहा कि हम प्रकृति को नहीं रोक सकते, लेकिन अपनी तैयारी से जान-माल के नुकसान को न्यूनतम जरूर कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे आज सीखी गई बातों को अपने अभिभावकों और पड़ोसियों के साथ भी सांझा करें। इस सफल आयोजन के साथ ही छात्रों ने शपथ ली कि वे आपदाओं के प्रति जागरूक रहकर एक सुरक्षित समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।

