सौंदर्यीकरण का काम तेज, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी ने कामकाज का लिया जायजा
नगर संवाददाता-चंबा
मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक चौगान नंबर-दो के सौंदर्यकरण का कार्य शुरू हो गया है।
नगर परिषद चंबा की ओर से चौगान को आकर्षक और हरित स्वरूप देने के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे चौगान की सुंदरता में और निखार आएगा तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के इस प्रयास का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया है। लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्य न केवल शहर की सुंदरता बढाते हैं बल्कि आने वाली पीढियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण भी सुनिश्चित करते हैं। नगर परिषद का यह प्रयास चंबा शहर को और अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उधर, मंगलवार को नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने चौगान नं-दो के जारी सौंदर्यकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने सौंदर्यकरण कार्य को ओर बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

