अधिकतम-न्यूनतम तापमान शून्य से भी नीचे, कई गांवों की बिजली सप्लाई प्रभावित, परेशानी बढ़ी, सडक़ों से बर्फ हटाने का काम जोरों पर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमांत क्षेत्र से लगता हिमाचल प्रदेश का आखिरी गांव छितकुल इस समय सफेद चांदी जैसी बर्फ की चादर से पूरी तरह ढका हुआ है।
इन दिनों किन्नौर के इस छितकुल गांव की स्थिति रोमांचक तो है, लेकिन लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण भी है। बीते चार दिनों से पर्यटन स्थल छितकुल में रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर देखा जा रहा है, जिससे अधिकतम तापमान भी शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। वर्तमान समय में छितकुल का अधिकतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री के आसपास चल रहा है। छितकुल क्षेत्र में हो रही बर्फबारी के कारण सांगला से छितकुल संपर्क सडक़ मार्ग अवरुद्ध हो गया है।
बॉडर रोड ऑर्गनाइजेशन के अधीन इस सडक़ मार्ग पर से बर्फ को हटाने का कार्य बीआरओ द्वारा जारी हैं, लेकिन ताजा बर्फबारी गिरने के कारण वाहनों का गुजरना मुश्किल हो रहा है। रक्छम से छितकुल के बीच सडक़ मार्ग पर भारी बर्फ होने से वाहन नहीं चल पा रहे है। इसी तरह रक्छम में भी 8 से नौ इंच के करीब बर्फ दर्ज किया जा रहा है। छितकुल क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण बिजली आपूर्ति में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। इस समय किन्नौर में 21 डीटीआरएस बंद होने से कई गांव में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ चुकी है। इस क्षेत्र में ठंड अधिक होने के कारण लोग अपने पारंपरिक 'बुखारी' का सहारा ले रहे है। किन्नौर प्रशासन ने पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की और रुख न करें और नदी नालों से दूरियां बनाए रखने की अपील की है ताकि जानमाल की सुरक्षा हो सके।
नाथपा के पास गिरी चट्टाने, कई जगह भूस्खलन
किन्नौर जिला के माध्यम व निचले क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते एनएच सडक़ मार्ग पर भी पत्थरों का गिरना शुरू हो गया है। शुक्रवार को दोपहर बाद नाथपा के पास पहाड़ी से चट्टानों के सडक़ मार्ग पर गिरने से एनएच सडक़ मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिस कारण अभी प्रकार के छोटे बड़े वाहनों को वाया डेम साइट की और से भेजा गया। इसी प्रकार मालिंग तथा नेसंग झूला के पास भी पहाडिय़ों से पत्थरों की सूचनाएं प्राप्त हो रही है। ऐसे में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कई सडक़ें बंद
भारी बारिश और बर्फबारी के चलते रक्छम-छितकुल रोड, ठंगी -चारंग रोड, लिप्पा-आसरंग रोड, हांगो-चुलिंग रोड, नेसंग रोड बंद और कल्पा-रोधी रोड अवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गए हैं।

