स्टेट एंट्री टैक्स पूरी तरह से खत्म किए जाने के मसले पर लोगों ने बुलंद की आवाजनिजी संवाददाता - स्वारघाट
हिमाचल में स्टेट एंट्री टैक्स को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। इस मुद्दे को लेकर पंजाब से आए लोगों ने प्रदेश सीमा के पास दैहणी में चक्का जाम कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
सडक़ जाम होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम स्वारघाट धर्मपाल चौधरी ने ट्रेफिक को स्वारघाट से नालागढ़ बददीं के लिए डायवर्ट करवाया जिसकी वजह से काफी हद तक जाम से निजात मिल पाई। इस प्रदर्शन में चंबा जिला के भरमौर से भाजपा के विधायक डा. जनक राज भी पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के फैसले के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया जा चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री अपने फैसले पर अड़े हुए हैं। डा. जनक राज ने सरकार के इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि एंट्री टैक्स का यह फैसला जनता के हित में नहीं है और इससे हिमाचल व पंजाब दोनों राज्यों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बार बार इस मसले को उठाए जाने के बाद भी मुख्यमंत्री न जाने क्यों जिद पर अड़े हुए हैं। साथ ही कहा कि यदि जनता चाहती है कि एंट्री टैक्स को पूरी तरह से खत्म किया जाए तो निश्वित रूप से ऐसा ही होना चाहिए।
वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक एंट्री टैक्स को लेकर लिए गए फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार सुबह के समय से ही दैहणी में पंजाब के टैक्सी ऑपरेटरों और स्थानीय लोगों ने फोरलेन पर चक्का जाम कर दिया जिसके चलते सडक़ के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। धरना प्रदर्शन लंबा खिंचने की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने ट्रैफिक स्वारघाट होकर नालागढ़ बददीं के लिए डायवर्ट कर दिया।

