दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार भारतीय राज्य पेंशनर संघ, कुनिहार इकाई की बैठक अध्यक्ष आर.पी. जोशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महासंघ के प्रदेश महामंत्री इंदर पाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान इकाई के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक में वक्ताओं ने पेंशनरों की लंबित देनदारियों को लेकर सरकार पर टालमटोल का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री द्वारा दिए जा रहे आश्वासनों की कड़े शब्दों में आलोचना की। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के महासचिव इंदर पाल शर्मा ने बताया कि पेंशनरों की मांगों को लेकर संघर्ष समिति लगातार आंदोलन और सरकार के साथ पत्राचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने संघर्ष समिति के साथ बैठक का आश्वासन दो बार दिया, जबकि मुख्यमंत्री के निजी सचिव ने 2 से 5 मई के बीच बैठक कराने की बात कही थी। हाल ही में समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा को भी 10 मई को सचिवालय में बैठक की तारीख तय करने के लिए बुलाया गया है। संघर्ष समिति के 18 संगठनों के पदाधिकारियों के साथ जल्द वर्चुअल बैठक कर आगामी रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 मई तक सरकार की ओर से वार्ता के लिए औपचारिक पत्र जारी नहीं किया गया, तो पेंशनर संगठन प्रदेश में होने वाले शहरी निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ उम्मीदवारों को समर्थन देंगे और घर-घर जाकर उनके खिलाफ प्रचार करेंगे। अब सरकार के खिलाफ राजनीतिक स्तर पर भी लड़ाई लड़ी जाएगी और अगले विधानसभा चुनाव में 68 सीटों पर पेंशनर उम्मीदवार उतारने की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में प्रदेश कारपोरेट सेक्टर के अध्यक्ष देवी लाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर राकेश शर्मा, हरी दास, राम लाल, जय लाल, ओमप्रकाश राणा, ओमप्रकाश गर्ग, संत पाल शर्मा, कंचल माला, कीर्ति सिंह, किशन चंद वर्मा, हरदेव कुमार, तारा चंद, देवेंद्र कुमार कौशल, चेत राम तनवर, नरेंद्र कुमार, अशोक कुमार और एस.पी. शाह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

