Dailyhunt
डीसी आफिस धर्मशाला के बाहर टैक्सी आपरेटर्स का प्रदर्शन - Divya Himachal

डीसी आफिस धर्मशाला के बाहर टैक्सी आपरेटर्स का प्रदर्शन - Divya Himachal

Divya Himachal 2 weeks ago

पासिंग सुविधा के लिए गाहलियां के अलावा अन्य जगह उपलब्ध न करवाने की मांग पर खोला मोर्चा

स्टाफ रिपोर्टर - धर्मशाला
जिला भर के कामर्शियल व्हीकल ऑपरेटर, जिनमें टैक्सी, ऑटो, बस ऑपरेटर शामिल हैं, जिला मुख्यालय धर्मशाला में छह अप्रैल सोमवार को हड़ताल करेंगे।

कामर्शियल व्हीकल आपरेटर महात्मा गांधी स्मृति वाटिका में एकत्रित होंगे तथा दिन भर हड़ताल की जाएगी। जिला भर की टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने सरकार व प्रशासन को छह अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही चेताया है कि छह अप्रैल की हड़ताल से जनता को होने वाली परेशानी के लिए सरकार जिम्मेदार होगी। गुरुवार को जिला भर के टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधि डीसी कार्यालय पहुंचे थे। वाहन पासिंग की सुविधा रानीताल के गाहलियां के अलावा अन्य स्थानों पर उपलब्ध करवाने की मांग पर डीसी कांगड़ा द्वारा संतोषजनक जवाब न मिलने के विरोध में टैक्सी आपरेटर्स ने डीसी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। मकलोडगंज टैक्सी यूनियन के प्रधान अशोक शर्मा ने कहा कि सरकार की ओर से टैक्सी आपरेटर्स की मांगों को अनदेखा किया जा रहा है।

एटीएस गाहलियां में वाहन पासिंग के लिए जाना पड़ रहा है, जहां सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनका कहना है कि जैसे पहले विभिन्न 21 स्थानों पर वाहन पासिंग की जाती थी, उसी व्यवस्था को बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार के समक्ष 19 मार्च से लगातार मांग को उठाया जा रहा है, इसके बावजूद अभी तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया है। जिसके चलते सभी टैक्सी आपरेटर्स को हड़ताल जैसा कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि ऑटो का परमिट 20 किलोमीटर का होता है, ऐसे में ऑटो चालक कैसे अपने वाहनों की पासिंग के लिए गाहलियां पहुंच सकते हैं। इसके अलावा जो कमर्शियल वाहन चालक गाहलियां में वाहन पासिंग के लिए पहुंच रहे हैं, उन्हें भी प्रॉपर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में सरकार को छह अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया गया है, इस दिन जिला भर के कामर्शियल व्हीकल आपरेटर धर्मशाला में एकत्रित होकर हड़ताल करेंगे।


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal