नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; आरोपियों को पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध किया, जारी रहेगा अभियानदिव्य हिमाचल ब्यूरो - बिलासपुर
जिला बिलासपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध (डिटेन) किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार लकी चंदेल हारकुकार घुमारवीं तथा प्रीतम गांव बागी सदर तहसील को प्राधिकृत अधिकारी के आदेशानुसार निरुद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को ओपन एयर जेल जबली में 3 माह की अवधि के लिए भेजा गया है। इससे पहले भी जिला पुलिस द्वारा तीन अन्य आरोपियों पर पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। जिनमें एक पंजगाईं और दूसरा करंगोड़ा निवासी है, जबकि तीसरा युवक नैहर का शामिल हैं। इनमें से दो की निरुद्ध अवधि को 3 माह से बढ़ाकर 6 माह कर दिया गया है जो पुलिस की प्रभावी कार्रवाई को दर्शाता है।
बरामदगी के आंकड़े: 2026 बनाम 2025
जिला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में 30 अप्रैल तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल 82 मामले दर्ज किए गए हैं जो पिछले वर्ष की तुलना में 13 अधिक हैं। इसी तरह चरस 17 किलोग्राम (पिछले वर्ष 9 किलोग्राम), चिट्टा-हेरोइन 364 ग्राम (पिछले वर्ष 287 ग्राम), भुक्की 62.5 किलोग्राम (पिछले वर्ष 2.5 किलोग्राम) बरामदगी की गई। इस वर्ष अब तक 8 किलोग्राम अधिक चरस, 77 ग्राम अधिक चिट्टा और 60 किलोग्राम अधिक भुक्की बरामद की गई है।
नशामुक्त समाज के लिए पुलिस का संकल्प
जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन पर अंकुश लगाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयास और अधिक मजबूत किए जा सकें।

