शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश, अब मिलेगा नियमित वेतनमान और भत्तों का लाभ
कार्यालय संवाददाता - शिमला
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत 21 अनुबंधित लेक्चरर (स्कूल-न्यू) को बड़ी राहत देते हुए उनकी सेवाएं नियमित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
यह नियमितीकरण उन शिक्षकों के लिए किया गया है जिन्होंने 31 मार्च 2026 तक दो वर्ष की निरंतर अनुबंध सेवा सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार सभी पात्र लेक्चररों को उनके वर्तमान तैनाती स्थल पर ही तत्काल प्रभाव से नियमित किया गया है।
नियमितीकरण के साथ ही शिक्षकों को अब नियमित कर्मचारियों की श्रेणी में शामिल किया जाएगा और उन्हें सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार वेतन एवं अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। नियमित हुए लेक्चररों को लेवल-12 वेतनमान के तहत 43 हजार रुपये मूल वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता तथा अन्य स्वीकृत सरकारी भत्तों का लाभ भी नियमानुसार मिलेगा। शिक्षा विभाग के इस निर्णय से संबंधित शिक्षकों में खुशी की लहर है।

