Dailyhunt
हादसा: सरोल के पास बाइक सवार की जान गई - Divya Himachal

हादसा: सरोल के पास बाइक सवार की जान गई - Divya Himachal

Divya Himachal 3 days ago

चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर लोहे के गेट से टकराई बाइक, सवार की मौत, एक घायल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकल के दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल का मेडिकल कालेज चंबा में उपचार चल रहा है। मोटरसाइकल पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने दुर्घटना में मारे गए युवक के शव का बुधवार को मेडिकल कालेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार आदित्य कुमार (27) पुत्र प्रकाश चंद वासी गांव बनवाली सुरंगानी, अक्षय कुमार (22) वर्ष पुत्र प्रवीण कुमार वासी गांव दिघाई तहसील सूलणी मंगलवार देर रात मोटरसाइकल पर सवार होकर घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सरोल के पास अचानक मोटरसाइकल अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे एक लोहे के गेट से जा टकराई। मोटरसाइकल के टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित करने के साथ ही दोनों घायल युवकों को उठाकर वाहन के जरिए उपचार के लिए मेडिकल कालेज चंबा भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने आदित्य कुमार को मृत घोषित करार दे दिया है।

पुलिस ने दर्ज किया घायल का बयान
घटना की सूचना पाते ही पुलिस टीम ने मेडिकल कालेज पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के साथ ही घायल के बयान दर्ज करने के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। बुधवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया निपटाई गई। इस दुर्घटना को लेकर सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

सिंगी में ग्रामीण की पैर फिसलकर मौत

रास्ते में ग्रामीण का फिसला पैर, निचले मकान के लेंटल पर गिरने से हुई मौत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
ग्राम पंचायत सिंगी में ग्रामीण की पैदल रास्ते से अनियंत्रित होकर निचले हिस्से के मकान के लेंटल पर जा गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चैन लाल वासी गांव फतेहपुर के तौर पर की गई है। पुलिस ने शव का बुधवार को मेडिकल कालेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने घटना की रपट रोजनामचे में डालकर विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। उपमंडलीय प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को पच्चीस हजार रूपए की फौरी राहत प्रदान कर दी गई है।

जानकारी के अनुसान चैन लाल शादी-समारोह से वापस आ रहा था। इस दौरान खेत के रास्ते में घर लौटते हुए अंधेरे में पैर फिसलने के कारण अनियंत्रित होकर निचले हिस्से के मकान के लेंटल पर जा गिरा। इस घटना का पता बुधवार सवेरे चल पाया जब मकान मालिक लेंटल पर पहुंचा। जहां मकान मालिक ने चैन लाल को अचेतावस्था में पड़ा पाया। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों व परिजनों के साथ ही पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने परिजनों के ब्यान व आरंभिक जांच के आधार पर इस संदर्भ में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है।
एसपी के बोल…

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के हवाले कर दिया गया है।


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal