सीआईए नारनौल पुलिस ने मंडाना में नाके के दौरान पकड़ा आरोपी
नगर संवाददाता-ऊना
कंवर अस्पताल ऊना से चोरी कार सीआईए नारनौल पुलिस (हरियाणा) ने मंडाना नाके दौरान पकड़ी है। पुलिस ने कार चोरी करने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर 2 लाख रुपए से अधिक नकदी भी बरामद की है। आरोपी चोर की पहचान लखविंद्र सिंह निवासी बढेड़ा (हरोली) के रुप में हुई है। जानकारी के अनुसार नारनौल सीआईए पुलिस ने मंडाना (हरियाणा) में नाका लगा रखा था। इस दौरान लखविंद्र कार में सवार होकर आया, जिसे पुलिस ने रुकने का संकेत दिया।
लेकिन कार चालक पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश करने लगा। इसी बीच पुलिस ने उसका पीछा करते हुए कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने अपने आपको बढेड़ा हरोली का निवासी बताया। लखविंद्र ने यह भी बताया कि उसने 31 मार्च की रात यह कार कंवर अस्पताल ऊना से चोरी की थी। इससे पहले उसने एक मंदिर में दानपात्र भी तोड़ा था, जिसमें से लाखों रुपयों का कैश व सिक्के चोरी किए थे। उक्त पैसों को उसने एक बौरु में बांधकर कार में रखा हुआ था। पुलिस ने कार से 2,09,337 नकद और सिक्के बरामद किए हैं।

