Dailyhunt
Himachal Weather: हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के साथ आंधी का अलर्ट - Divya Himachal

Himachal Weather: हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के साथ आंधी का अलर्ट - Divya Himachal

Divya Himachal 1 week ago

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम केंद्र शिमला अनुसार शुक्रवार से पूरे सप्ताह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, आंधी और गर्जन का दौर देखने को मिलेगा।

खासतौर पर 3 और 4 मई को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल को प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि आने वाले दिनों में यह गतिविधियां और बढ़ेंगी। शुक्रवार से शुरू हो रहे इस बदलाव के तहत निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश, जबकि मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। ऊंचे क्षेत्रों में कहीं-कहीं बर्फबारी भी हो सकती है। 1 मई को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद 2 मई से फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। 3 और 4 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक स्तर पर बारिश के साथ गर्जन, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इन दिनों को लेकर मौसम विभाग ने विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। जिला स्तर पर देखें तो चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में 3 और 4 मई को तेज हवाओं और गर्जन के साथ तूफान की संभावना जताई गई है।

वहीं 30 अप्रैल को भी कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना रही। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में पहले हल्की बढ़ोतरी और फिर गिरावट देखने को मिलेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भटियात में 30 मिलीमीटर, सराहन में 28.5 मिलीमीटर और सलूणी में 20.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं ताबो में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। प्रदेश में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था जो दो दिन से बदले मौसम से घटकर 30 से 35 डिग्री तक आ गया है। पांच मई तक तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने के आसार कम हैं। उधर, मंगलवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 14.6, सुंदरनगर में 14.8, भुंतर में 12.9, कल्पा में 6.0, धर्मशाला में 20.6, ऊना में 19.0, नाहन में 16.7, सोलन में 12.7, मनाली में 10.9, कांगड़ा में 17.5, मंडी में 16.7 और बिलासपुर में 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

-पंकज चौहान


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal