निजी संवाददाता-होली तहसील होली के सामने स्थित पहाड़ इन दिनों वन्यजीवों की चहल-पहल से गुलजार हैं। खुले वातावरण में विभिन्न प्रजातियों के जंगली जानवरों को बेखौफ विचरण करते देखा जा सकता है।
होली बाजार के सामने दिखाई देने वाला यह मनमोहक दृश्य स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वन्यजीवों के इस तरह निर्भय होकर विचरण करने के पीछे वन विभाग की सतर्कता और लगातार की जा रही निगरानी को प्रमुख कारण माना जा रहा है। विभाग द्वारा अवैध शिकार पर प्रभावी रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के कारण वन्यजीव अब इन पहाडिय़ों में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी जगदीश चंद ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निर्धारित सभी सरकारी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। अवैध शिकार रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाके लगाए गए हैं और नियमित गश्त की जा रही है, जिससे शिकारी क्षेत्र में प्रवेश करने से भी कतरा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग समय-समय पर स्थानीय लोगों को वन्यजीव संरक्षण और अवैध शिकार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करता रहता है। इसी जनसहयोग का सकारात्मक परिणाम है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इस बदलाव से स्थानीय लोग भी काफी उत्साहित हैं। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक रमेश, पंकज, भूरू, गुलशन, विनोद, हेमराज, चरणजीत सिंह और काका ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में जंगली जानवरों को इस तरह बेखौफ घूमते देखा है।

