मुंबई। अंशुला कपूर की मेहंदी समारोह पारिवारिक प्रेम, परंपरा और भावनाओं का खूबसूरत संगम बन गया। इस निजी समारोह का आयोजन जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर ने सरप्राइज के रूप में किया, जिसकी जानकारी अंशुला को पहले से नहीं थी।
परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह में अंशुला ने डिजाइनर अर्पिता मेहता द्वारा तैयार किया गया टील ब्लू लहंगा पहना। गुजरात की पटोला परंपरा से प्रेरित इस लहंगे में डिजाइनर की पहचान बन चुके मिरर वर्क को भी शामिल किया गया।
यह अर्पिता मेहता का पहला पटोला-प्रेरित ब्राइडल लहंगा बताया गया है। अंशुला ने कहा कि वह अपनी मेहंदी पर ऐसा परिधान पहनना चाहती थीं, जो उस परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करे, जिसका वह जल्द ही हिस्सा बनने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यह लहंगा गुजरात की पारंपरिक हस्तकलाओं का सुंदर संगम है। अंशुला ने यह भी बताया कि उनकी बहनों जाह्नवी और खुशी ने पूरी मेहंदी समारोह की योजना गुप्त रूप से बनाई थी। उन्हें केवल इतना पता था कि कोई पारिवारिक आयोजन होने वाला है, लेकिन वहां पहुंचने पर मिले इस सरप्राइज ने उन्हें भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और अपने प्रियजनों के प्यार से घिरा यह दिन हमेशा उनकी यादों में बसा रहेगा। अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर के विवाह समारोह की रस्में शुरू हो चुकी हैं और दोनों जल्द ही विवाह बंधन में बंधने वाले हैं।

