एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने किया मौके का निरीक्षण; महिला मंडल ने सौंपा ज्ञापन, पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए भरे गए सैंपल
नगर संवाददाता-राजगढ़
उपमंडल मुख्यालय राजगढ़ से सटी कोठिया जाज्जर पंचायत के महिला मंडल जाज्जर के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर गांव के पेयजल स्रोत के दूषित होने की गंभीर समस्या से अवगत करवाया।
महिलाओं ने बताया कि गांव के लोगों के पीने के लिए यही एकमात्र जल स्रोत है, लेकिन टिक्कर रोड पर रह रहे कुछ लोगों द्वारा सडक़ और आसपास खुले में कचरा फेंकने के कारण यह पानी लगातार दूषित हो रहा है। इसके चलते ग्रामवासी दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बढ़ता जा रहा है। महिला मंडल की सदस्यों ने कहा कि पानी की गुणवत्ता को लेकर लोगों में भय बना रहता है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग और खंड स्वास्थ्य अधिकारी राजगढ़ डा. उपासना शर्मा के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जल स्रोत की स्थिति का जायजा लिया गया और पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपल एकत्रित किए गए।
इस मौके पर पंचायत के उप-प्रधान अरुण विशिष्ट सहित महिला मंडल की सदस्याएं भी उपस्थित रही। एसडीएम ने पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि टिक्कर रोड पर रह रहे लोगों को खुले में कूड़ा न फेंकने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे लोगों को सख्त चेतावनी दी जाए और पंचायत द्वारा किसी उपयुक्त स्थान पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं। यदि इसके बावजूद कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पेयजल स्रोत को सुरक्षित रखने, जल आपूर्ति को सुचारू बनाने और पानी को दूषित करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन हर आवश्यक कदम उठाएगा।

