Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन...राजेश ठाकुर ने दिया सम्मान - Divya Himachal

जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन...राजेश ठाकुर ने दिया सम्मान - Divya Himachal

Divya Himachal 5 days ago

चुनावों में भाजपा की जीत पर पूर्व विधायक गदगद, नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का किया जोरदार स्वागत

स्टाफ रिपोर्टर, गगरेट
विधानसभा चुनाव की आहट और सत्ता के सेमीफाइनल माने जाने वाले जिला परिषद चुनाव में भाजपा को गगरेट विधानसभा क्षेत्र में मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने अपने जन्मदिवस के बहाने राजनीतिक गतिविधियों का जोरदार आगाज कर दिया है।

जन्मदिवस समारोह में उमड़े जनसैलाब और बड़ी संख्या में पहुंचे नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने यह संकेत दे दिया कि क्षेत्रीय राजनीति में राजेश ठाकुर की सक्रियता और प्रभाव आज भी बरकरार है। दियोली में आयोजित जन्मदिवस समारोह में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य तथा भाजपा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने पूर्व विधायक राजेश ठाकुर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, जबकि राजेश ठाकुर ने भी सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर भावुक दिखे राजेश ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कभी इस प्रकार जन्मदिन नहीं मनाया। कार्यकर्ताओं के विशेष आग्रह पर ही उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद उनका घर-आंगन जिस प्रकार सूना हो गया था, वह आज एक बार फिर कार्यकर्ताओं और जनता के प्रेम से आबाद हो गया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में हार-जीत का सिलसिला चलता रहता है, लेकिन गगरेट की जनता ने उन्हें जो स्नेह और सम्मान दिया है, उसे वह जीवन भर नहीं भूल सकते। पूर्व विधायक ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जन अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार के कार्यकाल को देखकर पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि अगली बार कांग्रेस विधायक आल्टो कार में विधानसभा पहुंचेंगे, लेकिन पंचायत चुनाव में जनता के आक्रोश को देखते हुए अब कहा जा सकता है कि कांग्रेस विधायक अगली बार स्कूटर पर ही विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है और उसे जनादेश के माध्यम से आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि चुनावी परिणाम राजनीतिक दिशा का स्पष्ट संकेत हैं और जनता विकास, पारदर्शिता तथा जनहित की राजनीति चाहती है।

राजेश ठाकुर की गगरेट की राजनीति में अहम भूमिका
समारोह में उमड़ी भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि गगरेट की राजनीति में राजेश ठाकुर आज भी एक मजबूत जनाधार रखते हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह और समर्थन यह दर्शा रहा था कि क्षेत्र की जनता के दिलों में पूर्व विधायक के प्रति विशेष स्थान आज भी कायम है। राजनीतिक जानकार भी इस आयोजन को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की संगठनात्मक ताकत और राजेश ठाकुर की सक्रिय राजनीतिक भूमिका के संकेत के रूप में देख रहे हैं।


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal