एजेंसियां-मुंबई
मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने खराब फॉर्म से जूझ रहे जसप्रीत बुमराह का समर्थन किया है और कहा कि जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज तेज गेंदबाज का भी कभी-कभी दिन खराब हो सकता है या उनका सत्र अच्छा नहीं जा सकता।
उन्होंने भारत के इस स्टार तेज गेंदबाज को थोड़ी राहत देने की अपील की, जिन्होंने आईपीएल के इतिहास में अपना तीसरा सबसे महंगा गेंदबाजी स्पेल डाला। बुमराह ने सनराइजर्स के खिलाफ चार ओवर में 54 रन लुटाए। इस मैच में उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला। हैदराबाद ने यह मैच छह विकेट से जीता। पोलार्ड ने कहा, जब कोई क्रिकेटर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा होता है, तो हम हर उस पहलू पर गौर करते हैं कि वह अच्छा क्यों नहीं कर रहा है और बुमराह के मामले में भी कोई फर्क नहीं है। उन्होंने आगे कहा, बुमराह ने सालों से ऐसा किया है। एक इनसान होने के नाते आपको भी गलतियां करने, दिन खराब होने, सत्र खराब होने या कुछ महीने खराब जाने का हक है। मुझे बस लगता है कि हमें कभी-कभी उन अच्छी चीजों को याद रखना चाहिए, जो उन्होंने की हैं।
हां, हम वर्तमान में जीने की कोशिश करते हैं और वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन वह लंबे समय से मुंबई इंडियंस और भारत के लिए नंबर एक गेंदबाज रहे हैं। मुझे बस लगता है कि कभी-कभी हम क्रिेकेटरों को थोड़ी राहत दे सकते हैं, क्योंकि हमारी बदकिस्मती है कि हम हमेशा लोगों की नजरों में रहते हैं, इसलिए जब हम खराब प्रदर्शन करते हैं तो उसे हमेशा अधिक उछाला जाता है। पोलार्ड ने कहा, मुझे पता है कि वह और भी ऊंचाइयों पर पहुंचकर जोरदार वापसी करेंगे और विकेट लेंगे और हम सब एक बार फिर ना सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए, बल्कि भारत के लिए भी 'बुमराह-बुमराह' के नारे लगा रहे होंगे। पोलार्ड ने स्वीकार किया कि मुंबई की टीम अभी तक अपना संपूर्ण प्रदर्शन नहीं कर पाई है, लेकिन उन्होंने यह मानने से इनकार कर दिया कि इस सत्र में उनकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।

