जीत की खुशी की साझा, विकास को बताया पहली प्राथमिकता
निजी संवाददाता-सोलन
नगर निगम सोलन चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित पार्षद मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से विजय प्रमाण पत्र (प्रारूप-46) प्राप्त किए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा जीत की खुशी साझा की गई। प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले पार्षदों में वार्ड नंबर-1 से नीलम कुमारी, वार्ड-2 से सुषमा शर्मा, वार्ड-4 से रोहित भारद्वाज, वार्ड-5 से डा. प्रियंका पंजा, वार्ड-6 से रेखा साहनी, वार्ड-8 से सुरेंद्र कश्यप, वार्ड-11 से सरिता ठाकुर, वार्ड-12 से प्रियंका अग्रवाल, वार्ड-15 से अभिषेक ठाकुर तथा वार्ड-16 से सीमा शामिल रहीं।
सभी नवनिर्वाचित पार्षदों ने प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद नगर निगम क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। भाजपा मंडल शहरी सोलन के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, महामंत्री संजय मलिक, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, कार्यालय सचिव जगदीश गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी संजीव मोहन तथा भाजपा नेता अमरदीप पंजा भी मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने विजयी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है और अब उस विश्वास पर खरा उतरना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। नवनिर्वाचित पार्षदों ने कहा कि नगर निगम चुनाव में मतदाताओं द्वारा दिए गए समर्थन और विश्वास को वे विकास कार्यों के माध्यम से लौटाने का प्रयास करेंगे।

