करवा चौथ पर ऑनलाइन खरीददारी से दुकानदारों का कारोबार प्रभावितनगर संवाददाता- कांगड़ा
महिलाओं के प्रमुख पर्व करवा चौथ को लेकर हर साल बाजारों में खूब रौनक देखने को मिलती है, लेकिन इस बार कांगड़ा के बाजारों में पिछले साल की तुलना में कम चहल-पहल नजर आ रही है।
पर्व नजदीक होने के बावजूद दुकानों पर ग्राहकों की वैसी भीड़ नहीं दिख रही, जैसी पिछले वर्षों में देखने को मिलती थी। हालांकि शृंगार के सामान के दामों में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है, इसके बावजूद बाजार में खरीदारी का माहौल धीमा बना हुआ। दुकानदारों का कहना है कि इस बार करवा चौथ को लेकर ऑनलाइन माध्यमों पर हुए प्रचार का बाजार पर असर पड़ा है। ऑनलाइन प्रचार में महिलाओं को नवरात्रों से पहले ही शृंगार का सामान खरीदने की सलाह दी गई थी।
ऐसे में कई महिलाओं ने पहले ही खरीदारी कर ली, जिसके चलते करवा चौथ से पहले बाजार में होने वाली भीड़ कम नजर आ रही है। इसके अलावा ऑनलाइन खरीदारी का बढ़ता चलन भी स्थानीय दुकानदारों के कारोबार को प्रभावित कर रहा है। दुकानदारों के मुताबिकए इस बार मुहूर्त न होना भी बाजार में रौनक कम रहने का एक कारण माना जा रहा है। हालांकि इसके पीछे कोई एक स्पष्ट वजह नहीं कही जा सकती, लेकिन दुकानदारों का मानना है कि ऑनलाइन खरीदारी, समय से पहले सामान खरीदने के रुझान और अन्य परिस्थितियों का असर बाजार पर दिखाई दे रहा है। करवा चौथ पर महिलाएं चूडिय़ां, बिंदी, सिंदूर लिपस्टिक और नेल पेंट सहित विभिन्न शृंगार सामग्री की खरीदारी करती हैं।

