Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मेल और चूहन में 6.51 करोड़ से बनेंगे पीएचसी - Divya Himachal

मेल और चूहन में 6.51 करोड़ से बनेंगे पीएचसी - Divya Himachal

Divya Himachal 2 weeks ago

टियात को मिली बड़ी सौगात; विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने किया दो नए पीएचसी भवनों का भूमि पूजन

स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र भटियात की ग्राम पंचायत मेल और चूहन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के नए भवनों का विधिवत भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मेल और चूहन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण कुल 6 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। इनमें मेल पीएचसी भवन पर लगभग 3 करोड़ 76 लाख रुपए तथा चूहन पीएचसी भवन पर 2 करोड़ 75 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के लिए दो-दो करोड़ रुपए की प्रारंभिक राशि जारी की जा चुकी है। शेष धनराशि निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य कर रही एजेंसी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू किया जाए और अगले एक वर्ष के भीतर इसे पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नए भवनों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय व्यवस्था भी की जाएगी। कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि पीएचसी मेल के बनने से ग्राम पंचायत मेल, नैनीखड्ड, बैली और सुदली, जबकि पीएचसी चूहन के बनने से ग्राम पंचायत चूहन, समलेऊ और मोरनू के करीब पांच से छह हजार लोगों को घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कालेज चंबा में पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) की पढ़ाई शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इससे विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया। शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ये-ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य प्रदीप शर्मा, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, डीएसपी मयंक शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, वनमंडलाधिकारी रजनीश महाजन, तहसीलदार रमेश चौहान, बीडीओ भटियात अनिल गुराड़ा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर, बीएसएनएल के अधिशासी अभियंता सतपाल सिंह, उपमंडल आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. शरद, बीएमओ डॉ. श्याम लाल शर्मा, ग्राम पंचायत चूहन की प्रधान सीमा देवी तथा क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal