टिप्पर से फेंकी मिट्टी; गाडिय़ां और थ्रैशर फंसे, डीसी के पास पहुंचे लोगस्टाफ रिपोर्टर - हमीरपुर
उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत नंदन के तहत आने वाले बल्ह क्षेत्र को जाने वाला सडक़ मार्ग बंद कर दिया गया है।
इस मार्ग पर एक जगह मिट्टी के ढेर लगाए गए हैं। टिप्पर के माध्यम से मिट्टी लाकर इस मार्ग पर फेंकी गई है जिस कारण ग्रामीण परेशान हो गए हैं। यहां तक की ग्रामीणों की गाडिय़ां भी 500 मीटर निकले मार्ग के बीच में फंसी हुई हैं। मार्ग को अवरूद्ध करने के विरोध में ग्रामीण गुरुवार को डीसी के दरबार पहुंचे। यहां पर उन्होंने उपायुक्त से समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। इस संदर्भ में उन्होंने ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा तथा जल्द से जल्द मार्ग को खुलवाने की मांग की। इससे पहले भी इसी सडक़ मार्ग को हरिजन बस्ती तक न निकाले जाने को लेकर डीसी के पास पहुंचे थे। हरिजन बस्ती के लोगों ने बताया था कि इस मार्ग का जब ट्रेक बनाया गया तो उसे हरिजन बस्ती तक बनाया गया, लेकिन बाद में इसे 500 मीटर तक ही पक्का किया गया।
बस्ती वालों को इस सडक़ मार्ग का लाभ नहीं पहुंचा। हरिजन बस्ती के लोगों का कहना था कि उनकी जमीन से सडक़ निर्माण किया गया है। दूसरा पक्ष जोकि गुरुवार को डीसी के पास पहुंचा उसका कहना है कि हरिजन बस्ती के लोगों की जमीन सडक़ निर्माण में नहीं गई है तथा इन्होंने अपनी मलकीयत भूमि दान की हुई है। हरिजन बस्ती वाले लोग सडक़ न निकलने से परेशान है, जिसके परिणामस्वरूप मार्ग को बंद किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बल्ह गांव के लिए निकाली गई करीब 500 मीटर सडक़ के बंद होने से ग्रामीणों में रोष पनपा हुआ है। मार्ग बद हो जाने से थ्रेसर गांव में नहीं पहुंच पाएगा।
ये रहे मौजूद
इस दौरान सुषमा देवी, करमी देवी, निर्मला देवी, सिमरो देवी, सुषमा कुमारी, वीना देवी, विमला, संतोष कुमारी सहित अन्य मौजूद रहे। बार-बार रोड बंद किया जा रहा ग्राम सुधार सभा बल्ह के प्रधान जयदेव शर्मा ने बताया कि सडक़ मार्ग को बंद कर दिया गया है। बार बार मार्ग को बंद किया जा रहा है। इसी के संदर्भ में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है। पूर्व में भी इस मार्ग को अवरूद्ध किया जा चुका है। उस दौरान प्रशासन ने नोटिस निकाला था कि बिना प्रशासनिक अनुमति से मार्ग बंद नहीं किया जा सकता, लेकिन उस नियम की अवहेलना की गई है।

