Dailyhunt
नालागढ़ में नामांकन प्रक्रिया की बारीकियों पर हुआ पूर्वाभ्यास - Divya Himachal

नालागढ़ में नामांकन प्रक्रिया की बारीकियों पर हुआ पूर्वाभ्यास - Divya Himachal

Divya Himachal 1 week ago

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया की अध्यक्षता में बुधवार को नालागढ़ उपमंडल के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की नामांकन प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया के लिए तैनात 17 सेक्टर अधिकारियों तथा 83 सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) ने भाग लिया। कार्यक्रम में निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। नरेंद्र आहलूवालिया ने नामांकन पत्रों के भरने, उनके सत्यापन, छंटनी तथा आगे की मतदान प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नामांकन पत्र निर्धारित प्रपत्रों में सही एवं पूर्ण रूप से भरे जाएं तथा उनकी गहन जांच सुनिश्चित की जाए। निर्वाचन अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि 7 मई 2026 से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए सभी अधिकारी समय पर अपने निर्धारित नामांकन स्थलों पर पहुंचना सुनिश्चित करें। साथ ही बिजली, कंप्यूटर सिस्टम, सॉफ्टवेयर, इंटरनेट कनेक्टिविटी और अन्य सभी तकनीकी व्यवस्थाओं की पूर्व जांच करने के निर्देश भी दिए गए।

पूर्वाभ्यास के दौरान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से रियल-टाइम नामांकन दर्ज करने की प्रक्रिया पर भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि डेटा एंट्री में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। नालागढ़ उपमंडल की नई बनी ग्राम पंचायतों के लिए नामांकन प्रक्रिया अलग-अलग निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिनमें कोटला कलां, गुलाबपुरा, ढांग उपरली, गुरुमाजरा, दलछांब, रतयोड़ सहित अन्य पंचायतें शामिल हैं। इस अवसर पर तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal