बिलासपुर। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पुराने चंडीगढ़-मनाली के किनारे बिलासपुर के रोटरी चौक पर रेहड़ी वाले दुकानदारों की दुकानों पर पीला पंजा चला है। यहां पर नेशनल हाई-वे किनारे कई दुकानदार लंबे समय से अपना रोजगार चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे, लेकिन अब इन दुकानदारों को यहां से हटा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय लोक निर्माण विभाग की टीम बिलासपुर के रोटरी चौक में जेसीबी मशीन सहित पहुंची, जिसके चलते यहां पर दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। देखते ही देखते विभागीय टीम द्वारा जैसे ही रेहड़ी वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की तो इस टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। इन दुकानदारों के साथ ही अन्य लोगों ने भी इस कार्रवाई का विरोध किया, वहीं विभागीय टीम ने हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए अपनी कार्रवाई जारी रखी। कई दुकानदारों ने तो स्वयं ही अपनी दुकानों को हटा लिया, तो कइयों ने भारी विरोध जताया।

