बीडीसी चुनाव में भाजपा और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर जड़े धांधली के आरोप
दिव्य हिमाचल ब्यूरो,ऊना
ब्लॉक समिति सनौली की मतगणना को लेकर विवाद गहरा गया है। सनौली पंचायत के लोगों और भाजपा समर्थकों ने प्रशासन पर सरकार के दबाव में धांधली करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
नवनियुक्त प्रधान जरनैल सिंह और उपप्रधान पवन दीवान ने बताया कि सरकारी कॉलेज ऊना में हुई मतगणना के दौरान तृप्ता देवी पत्नी बलिराम को 15 वोटों से आगे थी। तृप्ता देवी को 811 और चरण कौर को 796 मत मिले थे, जबकि 50 मत नोटा और रद्द बताए गए। आरोप है कि जब तृप्ता देवी के काउंटिंग एजेंट जीत का प्रमाण पत्र लेने पहुंचे तो उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा गया।
करीब डेढ़ घंटे के बाद रिकाउंटिंग शुरू हुई और अलग-अलग दूर की टेबलों पर मतों की गिनती कराई गई। दूसरी गिनती में चरण कौर को 845 और तृप्ता देवी को 754 मत बताते हुए परिणाम बदल दिया गया। इसको लेकर क्षेत्र में भारी रोष है। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि मामले को लेकर जल्द पिटीशन दायर की जाएगी। इस मौके पर सनौली की पूर्व प्रधान जसवीर कौर, दिलबाग सिंह, राजेश कौशल, महेश मांगू, हरप्रीत खंडो, करनैल सिंह, रविंद्र बिट्टू, राम स्वरूप, कुलवंत सिंह राणा, मनीष दीवान, स्नेह लता दीवान, बलिराम रीहल, तृप्ता देवी, राजेंद्र रीहल, शिव कुमार गौड़, पवन कौशल राजेश शर्मा, हन्नी मनकू, विशाल रीहल, नीतीश आदि के साथ सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

