सूत्रधारी ब्रह्मा के सानिध्य में निकली शोभायात्रा के साथ किसान मेला पद्धर का आगाज
स्टाफ रिपोर्टर- पद्धर
उपमंडल पद्धर का पांच दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला बुधवार से धूमधाम के साथ शुरू हो गया।
मेले का शुभारंभ पुलिस उप-महानिदेशक एवं प्रधानाचार्य पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह डॉ. खुशाल चंद शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने जल शक्ति विभाग पद्धर के विश्राम गृह में पधारे देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत देव सूत्रधारी ब्रह्मा के सानिध्य में मेला मैदान तक देवी-देवताओं की भव्य जलेब निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। मेला मैदान पहुंचने पर मुख्यातिथि ने मेला ध्वज फहराया। मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम पद्धर सुरजीत सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि का शॉल और टोपी पहनाकर स्वागत किया। साथ ही उन्होंने मेले के पांच दिवसीय कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी दी। इस दौरान महिला मंडलों एवं स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया। अपने संबोधन में मुख्यातिथि ने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं तथा लोगों को एक साथ मिलने-जुलने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि पद्धर मेला अब जिला स्तरीय स्वरूप प्राप्त कर चुका है, जो क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की परंपरा और संस्कृति हिमाचल की पहचान है तथा इनके बिना मेले अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि आज के दिन हिमाचल प्रदेश के गठन का भी विशेष महत्व है। डॉ. शर्मा ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें तथा उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। उन्होंने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और पुलिस के सामूहिक प्रयासों से ही इस बुराई पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने सडक़ सुरक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, ओवरस्पीड से बचें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा अपने हाथ में है। मुख्यातिथि ने मेला कमेटी को अपनी ओर से 11 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, डीएसपी लोकेन्द्र नेगी, तहसीलदार डॉ. भावना, बीडीओ विनय चौहान, एक्सईएन आईपीएच राकेश ठाकुर, प्रधानाचार्य ललित ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

