Dailyhunt
सीजन की शानदार शुरुआत, बागबानों की खुशियों में चार चांद लगा रही खुमानी - Divya Himachal

सीजन की शानदार शुरुआत, बागबानों की खुशियों में चार चांद लगा रही खुमानी - Divya Himachal

Divya Himachal 1 week ago

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू

कुल्लू जिला में मई के पहले सप्ताह के साथ ही फल सीजन की शुरुआत हो गई है। पहाड़ों की खट्टे-मीठे स्वाद वाली खुमानी ने स्थानीय सब्जी मंडियों में दस्तक दे दी है।

जिला की सब्जी मंडी भुंतर और टकोली में इन दिनों बागबान खुमानी लेकर पहुंच रहे हैं। जहां फलों के अच्छे दाम मिलने से बागबानों में उत्साह का माहौल है। जानकारी के अनुसार मंडियों में सामान्य गुणवत्ता की खुमानी 120 से 150 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है, जबकि बेहतर गुणवत्ता और बड़े आकार की खुमानी के दाम 180 रुपए प्रति किलो तक पहुंच रहे हैं।

सीजन की शुरुआत में ही अच्छे दाम मिलने से बागबानों के चेहरे खिल उठे हैं और उन्हें इस बार बेहतर आय की उम्मीद जगी है। बागबानों का कहना है कि इस बार मौसम अनुकूल रहने से खुमानी की गुणवत्ता बेहतर रही है। जिसका सीधा असर मंडियों में मिल रहे दामों पर देखने को मिल रहा है। शुरुआती खेप को व्यापारियों और स्थानीय ग्राहकों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। फल कारोबारियों के अनुसार आने वाले दिनों में आवक बढऩे के साथ कीमतों में कुछ उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन फिलहाल बाजार में खुमानी की मांग अच्छी बनी हुई है। मई और जून के दौरान जिला में अन्य गुठलीदार फलों की आमद भी तेज होगी, जिससे फल कारोबार को रफ्तार मिलेगी। खुमानी सीजन की इस शानदार शुरुआत ने बागबानों में नई उम्मीद जगा दी है। यदि मौसम साथ देता रहा तो इस बार जिले के बागवानों को खुबानी की फसल से बेहतर मुनाफा मिलने की संभावना है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal