Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सुजानपुर की टेंशन खत्म...विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ - Divya Himachal

सुजानपुर की टेंशन खत्म...विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ - Divya Himachal

Divya Himachal 1 week ago

मुख्यमंत्री ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से किया लोकार्पण, 16 पंचायतों के 14 हजार लोगों को मिलेगा बिजली आपूर्ति का लाभ

दिव्य हिमाचल ब्यूरो - हमीरपुर
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रदेश सचिवालय से 7.54 करोड़ रुपए की लागत से हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पटलांदर (अंसला) का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इस परियोजना के तहत चबूतरा से अंसला तक लगभग 7.2 किलोमीटर लंबी 33 केवी एचटीएससी लाइन बिछाई गई है, जिससे उपकेंद्र को सुदृढ़ एवं निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे सुजानपुर क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों के कई गांवों-पटलांदर, रंगड़, चौरी, अंसला, भगोल, चमियाणा, डूहक, भटेरा, पनोह, धैल, कसीरी, पीपल, टिक्करु, सपाहल तथा आसपास के क्षेत्रों के लगभग 14,000 लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं निरंतर विद्युत आपूर्ति का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि इस विद्युत उपकेंद्र से 11 केवी कोट चौरी, सुजानपुर, पटलांदर तथा पलाई फीडरों को विद्युत आपूर्ति प्रदान की जाएगी। वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था के लिए इस उपकेंद्र को 33 केवी विद्युत उपकेंद्र टौणीदेवी तथा 33 केवी विद्युत उपकेंद्र सुजानपुर से जोड़ा गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्र में भविष्य में बढऩे वाली विद्युत मांग को पूरा करने में सहायता मिलेगी तथा लाइन की लंबाई कम होने तथा फीडर के आपस में जुड़े होने के कारण विद्युत हानि में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या का भी प्रभावी समाधान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा समय-समय पर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मेरे पास आते थे और राज्य सरकार ने इस कार्य को पूर्ण करने के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर सुजानपुर जाकर इस परियोजना का शुभारंभ करना चाहते थे, लेकिन बरसात के कारण यह संभव नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के एक समान विकास को सुनिश्चित कर रही है। उधर, अंसला में विद्युत उपकेंद्र के परिसर में उपस्थित विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने इस परियोजना के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की 16 पंचायतें इससे लाभांवित होंगी।

कई विधायकों की अहम मौजूदगी

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध ङ्क्षसह, अध्यक्ष राज्य कांग्रेस कमेटी विनय कुमार, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, सुरेश कुमार एवं सुदर्शन बबलू, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड आदित्य नेगी शिमला में उपस्थित रहे।

व्यवस्थाएं जांचने पहुंचे आला अफसर

उधर, अंसला में स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा के साथ उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह, मुख्य अभियंता प्रवीण कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Divya Himachal