अग्रिकांड में परिवार किसी तरह जान बचाकर बाहर निकला, मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
निजी संवाददाता - राजगढ़
उपमंडल राजगढ़ के पझौता क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टपरोली गांव में देर रात भीषण अग्निकांड में मकान जलकर राख हो गया।
लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। दो बेजुबान पशुओं की जान ले ली है। परिवार ने बड़ी मुश्किल से निकल कर जान बचाई। जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे जदोल-टपरोली पंचायत के अंतर्गत मनोज ठाकुर पुत्र स्वर्गीय बलदेव ठाकुर के मकान में अचानक आग भडक़ उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा मकान कुछ ही देर में आग के गोले में तबदील हो गया। घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया और परिवार की वर्षों की मेहनत पल भर में स्वाह हो गई।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के आगे सभी प्रयास नाकाफी साबित हुए। घटना के दौरान घर में मौजूद राजू नामक व्यक्ति और उनका परिवार किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस अग्निकांड में एक गाय और एक बछड़े की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीडि़त परिवार को राहत व उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि कठिन समय से उभर सकें। इस दुखद घटना पर देवठी मझगांव वार्ड से जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल और युवा कांग्रेस नेता मनीष भगनाल ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

