एक सप्ताह में नशे के चार मामलों में अब तक छह आरोपी किए अरेस्टनगर संवाददाता-ऊना
ऊना जिला में चिट्टे का अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक सप्ताह की बात करें तो चिटटे के 4 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें पुलिस ने छह युवकों को गिरफ्तार किया है।
वहीं अब पुलिस ने ऊना-नंगल मार्ग पर पुल के पास गाड़ी सवार एक युवक को 1.56 ग्राम चिट्टे सहित धरा है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी सुमिंद्र सिंह निवासी बैहली मोहल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गाड़ी से 17580 रुपए की करंसी व 10 रुपए का एक जला हुआ नोट भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी सुमिंद्र के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सिटी पुलिस चौकी के आईओ अवतार चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऊना-नंगल मार्ग पर पुल के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान एक गाड़ी आई, जिसे पुलिस ने जांच के लिए रोका। गाड़ी की तलाशी ली गई तो 1.56 ग्राम हेरोइन/चिट्टा व 17,580 रुपए सहित एक अदद किनारों से जला हुआ 10 रुपए का नोट बरामद हुआ।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी चालक सुमिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं गाड़ी को भी जब्त कर लिया। बता दें कि ऊना में पिछले एक सप्ताह में चार चिट्टे के केस सामने आ चुके हैं। जिसमें 30 अप्रैल को गगरेट के लोअर भंजाल में एक युवक को 2.18 ग्राम चिट्टे सहित दबोचा था। वहीं दो मई को फतेहपुर (संतोषगढ़) में एसटीएफ टीम ने तीन युवकों को 1.5 किलोग्राम चिट्टे सहित पकड़ा था। वहीं चार मई को भरवाईं में गाड़ी सवार से 3.84 ग्राम चिट्टा पकड़ा था। लगातार चिट्टे के केस सामने आना समाज के लिए चिंता का सबब बनने लगा है। पड़ोसी राज्य से आसानी से चिट्टा प्रदेश में प्रवेश कर रहा है। युवा पीढ़ी इस दलदल में धंसती जा रही है। उधर, एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने ऊना-नंगल मार्ग पर एक गाड़ी चालक को 1.56 ग्राम चिट्टे सहित पकड़ा है। नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

