डीएवी लक्कड़ बाजार और एचपीयू पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने किया विधानसभा का दौरा, अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से की भेंट
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
डीएवी स्कूल लक्कड़ बाजार और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने बुधवार को विधानसभा सचिवालय में बजट सत्र के दूसरे चरण की 12वें दिन की कार्यवाही देखी।
छात्राओं ने सदन की कार्यवाही को देखने से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से कौसिल चैंबर के बाहर मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने उनसे विधानसभा की भूमिका, गठन और स्पीकर पद के महत्व पर जानकारी देने का आग्रह किया। अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने छात्रों को सरल और सहज भाषा में बताया कि विधानसभा राज्य का कानून बनाने वाला सदन है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे हमारे स्कूल में अलग-अलग कक्षाएं होती हैं, वैसे ही राज्य में अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्र होते हैं, जहां से चुने गए प्रतिनिधि विधायक बनते हैं और मिलकर विधानसभा का गठन करते हैं।
जिस राजनीतिक दल से सबसे ज्यादा विधायक चुनाव जीतते हैं वहीं सरकार बनाता है और उसका मुखिया मुख्यमंत्री कहलाता है। विधानसभा में विधायक सरकार के लोगों की समस्याओं के बारे में सवाल पूछते हैं और सरकार को उसका जवाब देना होता है। सरकार हर साल बताती है कि वह लोगों के लिए क्या-क्या काम करेगी और उसके लिए कितना पैसा खर्च होगा जिसे बजट कहते हैं और विधान सभा इसे पास करती है। अध्यक्ष ने स्पीकर की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्पीकर सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिम्मेदार होता है। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विद्यार्थियों को सदन के अंदर होने वाली कार्यवाही को देखने के लिए आमंत्रित किया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मौजूद रहे।

