Dailyhunt
पंतनगर के फाइव स्टार होटल में दिल्ली की महिला की मौत, बिजनेस पार्टनर हिरासत में

पंतनगर के फाइव स्टार होटल में दिल्ली की महिला की मौत, बिजनेस पार्टनर हिरासत में

Doon Horizon 2 weeks ago

पंतनगर, 02 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। ऊधम सिंह नगर के पंतनगर (Pantnagar) स्थित प्रतिष्ठित रेडिसन ब्लू होटल में दिल्ली की एक महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। दिल्ली के पॉश इलाके लोधी रोड की रहने वाली 40 वर्षीय ज्योति शर्मा का शव मिलने के बाद पुलिस ने उनके बिजनेस पार्टनर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

ज्योति शर्मा अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी के साथ मंगलवार को होटल पहुंची थीं। अमित दिल्ली के ही छतरपुर इलाके का निवासी बताया जा रहा है। दोनों का इरादा नैनीताल के भवाली स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर जाने का था और उन्होंने सफर के बीच विश्राम के लिए पंतनगर में स्टे लिया था।

मंगलवार की देर रात अचानक ज्योति की तबीयत बिगड़ने का दावा किया गया। अमित चौधरी ने तुरंत होटल के रिसेप्शन पर सूचना दी और मदद मांगी। आनन-फानन में ज्योति को पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उस कमरे को सील कर दिया है जहां दोनों ठहरे हुए थे। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके।

इस मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब ज्योति की बहन ने अमित चौधरी पर हत्या का सीधा आरोप लगाया। बहन का दावा है कि ज्योति की मौत के पीछे अमित का हाथ है। हालांकि, पुलिस के अनुसार परिवार की ओर से अभी तक लिखित में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अमित और ज्योति के संबंधों की गहराई से पड़ताल कर रही है। अमित चौधरी से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि कमरे के भीतर वास्तव में क्या हुआ था और तबीयत बिगड़ने के लक्षण क्या थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह साइलेंट अटैक का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह देखा जा सके कि घटना से पहले कमरे में कोई और तो नहीं आया था।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Doon Horizon