Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ समय से एक अजीब और चिंताजनक ट्रेंड देखने को मिल रहा है। कहीं प्रेमिका से शादी की जिद में युवक मोबाइल टावर पर चढ़ जाता है, तो कहीं पारिवारिक विवाद, जमीन के झगड़े या पुलिस कार्रवाई से नाराज़ लोग ऊंचे टावरों पर चढ़कर हंगामा करने लगते हैं।
कई मामलों में घंटों तक प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोग उन्हें नीचे उतारने की कोशिश करते दिखाई देते हैं।
लोग क्यों चढ़ रहे टावर पर?
हाल के वर्षों में यूपी के अलग-अलग जिलों से ऐसे कई मामले सामने आए हैं। कुछ युवकों ने प्रेम संबंधों में असफलता या शादी न होने पर टावर को आखिरी हथियार बना लिया। वहीं कई लोग घरेलू विवाद, आर्थिक तनाव, नौकरी की समस्या या प्रशासन से नाराजगी जताने के लिए इस रास्ते को चुनते नजर आए। सवाल यह है कि आखिर लोग अपनी बात मनवाने के लिए जान जोखिम में डालने जैसा कदम क्यों उठा रहे हैं?
दरअसल,इसके पीछे भावनात्मक दबाव, गुस्सा, सामाजिक निराशा और तुरंत ध्यान पाने की मानसिकता बड़ी वजह हो सकती है। जब व्यक्ति को लगता है कि उसकी बात नहीं सुनी जा रही, तब कुछ लोग ऐसा कदम उठाकर परिवार, समाज या प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। सोशल मीडिया और वायरल वीडियो का दौर भी कहीं-न-कहीं इस प्रवृत्ति को बढ़ाने वाला माना जाता है, क्योंकि ऐसे घटनाक्रम कुछ ही मिनटों में चर्चा का विषय बन जाते हैं।
संवाद की कमी
वहीं बता दें कि यह सिर्फ ड्रामा नहीं, बल्कि कई मामलों में मानसिक तनाव और संवाद की कमी का संकेत हो सकता है। प्रेम प्रसंग, बेरोजगारी, पारिवारिक कलह, आर्थिक परेशानी और सामाजिक दबाव - ये सभी कारण व्यक्ति को अचानक और खतरनाक फैसलों की ओर धकेल सकते हैं।
यूपी में बढ़ते ऐसे मामलों ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है-क्या लोग अपनी समस्या का समाधान नहीं ढूंढ पा रहे, या फिर समाज में संवाद और मानसिक सहारे की कमी उन्हें टावर जैसे खतरनाक रास्तों की तरफ ले जा रही है? क्योंकि कुछ मिनट की सुर्खियों के लिए उठाया गया ऐसा कदम कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकता है।

