Darbhanga: बिहार की सियासत में जनप्रतिनिधियों की भाषा और उनके व्यवहार पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन दरभंगा जिले से जो ताजा मामला सामने आया है उसने लोकतंत्र को शर्मसार कर दिया है।
अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक मैथिली ठाकुर का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस ऑडियो ने न केवल राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि आम जनता के बीच भी भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। वायरल हो रहे इस सनसनीखेज ऑडियो में माननीय विधायक एक सामाजिक कार्यकर्ता पर इस कदर बिफर पड़ीं कि उन्होंने गाली-गलौज और मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। 'पागल', 'बुड़बक' और 'खच्चर' जैसे अपशब्दों का प्रयोग करते हुए विधायक सीधे तौर पर धमकी देती सुनाई दे रही हैं।
क्या है पूरा विवाद?
इस पूरे विवाद की जड़ अलीनगर प्रखंड के नदियामी पंचायत स्थित लक्ष्मीपुर वार्ड की एक बेहद दर्दनाक घटना है। यहाँ बीते 26 जून 2026 से एक मासूम बच्चा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। पीड़ित परिवार और रोते-बिलखते माता-पिता पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं, लेकिन अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। स्थानीय पुलिस की इस सुस्ती और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी को लेकर ग्रामीणों में भारी गुस्सा था। इसी बीच, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता गौतम कुमार झा ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसमें उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विधायक की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाए थे।
गौतम झा का संगीन आरोप: "विधायक ने फोन कर कहा- अलीनगर में रहने लायक नहीं रहोगे"
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के तुरंत बाद गौतम कुमार झा को कथित तौर पर विधायक मैथिली ठाकुर का फोन आया। गौतम का आरोप है कि विधायक ने उनके सवाल उठाने पर अपनी गलती सुधारने के बजाय उन्हें फोन पर बुरी तरह धमकाना शुरू कर दिया। विधायक ने कथित रूप से यहाँ तक कह दिया कि 'तुम अब अलीनगर विधानसभा में रहने के लायक नहीं हो।' गौतम झा का दावा है कि विधायक सत्ता के नशे में चूर होकर किसी गुंडे की तरह बात कर रही थीं और इस पूरी बातचीत का पुख्ता ऑडियो प्रमाण उनके पास सुरक्षित है।
ऑडियो स्क्रिप्ट: "ऐ मैडम! लैंग्वेज कंट्रोल कीजिए"
लीक हुए ऑडियो में दोनों के बीच तीखी बहस साफ सुनी जा सकती है। विधायक कहती हैं, "तुम अपने क्षेत्र के लिए क्या कर रहे हो? हिम्मत है तो सामने आकर बात करो। मेरी बात रिकॉर्ड करो। जनता की भावनाओं के साथ खेलोगे तो भगवान माफ नहीं करेगा। मुझे शर्म आती है कि तुम मेरे घर आए थे।"
इस पर जब गौतम झा ने टोकते हुए कहा, "आप कल आई थीं तो वहां रुकी क्यों नहीं? ऐ मैडम, लैंग्वेज कंट्रोल करके बात कीजिए।" तो विधायक और ज्यादा भड़क गईं और बोलीं, "पागल, बुड़बक कहीं का… हम दिनभर क्षेत्र के लोगों के लिए लगे रहते हैं और तुम जैसा आदमी खच्चर है।"
खाकी पर बरसे मुख्यमंत्री के खासमखास, भोजपुर एनकाउंटर को बताया गलत, बिहार की सियासत में आया भूचाल
न्याय की गुहार: ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस बदजुबानी और धमकी भरे ऑडियो के सामने आने के बाद लक्ष्मीपुर के ग्रामीणों में विधायक के प्रति भारी नाराजगी है। एक तरफ जहाँ उनका बच्चा लापता है, वहीं दूसरी तरफ मदद करने के बजाय जनप्रतिनिधि इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से लापता मासूम की जल्द से जल्द सुरक्षित बरामदगी और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हालांकि, इस वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है।

