Dailyhunt
बालूमाथ में दर्दनाक हादसा: कोयला लदे हाईवा ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत के बाद सड़क जाम

बालूमाथ में दर्दनाक हादसा: कोयला लदे हाईवा ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत के बाद सड़क जाम

Latehar: लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक ऐसा सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मुरपा मोड़ के पास तेज रफ्तार और कोयला लदे हाईवा ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

घर लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान हेरहंज थाना क्षेत्र के बिजरा गांव निवासी 30 वर्षीय साजिद अंसारी के रूप में हुई है। साजिद अपने मोटरसाइकिल से जलावन के लिए कोयला लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुरपा मोड़ के पास एक बिना नंबर प्लेट वाला हाईवा तेज रफ्तार में आया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि साजिद अंसारी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए भय और गुस्से का माहौल बन गया। कई लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में बिना नंबर वाले भारी वाहन लगातार चलते हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बना रहता है।

पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवा और बाइक को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया। शुरुआती जांच में सामने आया कि हाईवा पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे वाहन की पहचान और मालिक तक पहुंचने में मुश्किल हो सकती है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चालक की पहचान करने की कोशिश जारी है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी और स्थानीय जानकारी के आधार पर फरार चालक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

मौत के बाद भड़के ग्रामीण, सड़क जाम

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने बालूमाथ मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी, मृतक परिवार को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dynamite News