Barabanki: बाराबंकी पुलिस और प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ड्रग माफिया और हिस्ट्रीशीटर मिस्बाहुर्रहमान उर्फ अज्जन की अचल संपत्ति को कुर्क कर दिया है। यह कार्रवाई सीजिंग/फ्रीजिंग अथॉरिटी, न्यायनिर्णायक प्राधिकारी, नई दिल्ली के आदेश पर एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई।
कुर्क की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पत्नी के नाम दर्ज थी संपत्ति
कुर्क की गई संपत्ति नवाबगंज बाराबंकी के पैसार स्थित सीमा नगर परिषद क्षेत्र में गाटा संख्या 198 मिन0 पर स्थित एक आवासीय मकान है। इस मकान का कुल क्षेत्रफल 558.70 वर्गमीटर है। जांच में सामने आया कि यह संपत्ति अज्जन की पत्नी नगमी खातून के नाम पर दर्ज थी। प्रशासन ने इसे अवैध रूप से अर्जित संपत्ति मानते हुए जब्त किया है।
Barabanki News:"चूल्हे पर खाना बना लोगी?" दूल्हे ने 7 फेरों से पहले रखी शर्त, दुल्हन ने दिया ये जवाब
न्यायनिर्णायक प्राधिकारी का आदेश
न्यायनिर्णायक प्राधिकारी द्वारा 30 अप्रैल 2026 को इस संपत्ति को फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया था। उसी आदेश के अनुपालन में अब इसे विधिवत रूप से कुर्क कर लिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर यह कार्रवाई मादक पदार्थों की अवैध कमाई पर सख्त प्रहार के रूप में देखी जा रही है।
ड्रग तस्करी में लंबा आपराधिक इतिहास
मिस्बाहुर्रहमान उर्फ अज्जन, पुत्र मो. कलीम, निवासी ग्राम टिकरा मुर्तजा, थाना जैदपुर, बाराबंकी का रहने वाला है। वह लंबे समय से एक संगठित गिरोह बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहा है। उसके अवैध कारोबार से उसने भारी आर्थिक और भौतिक लाभ अर्जित किया।
युवाओं पर नशे का दुष्प्रभाव
अधिकारियों के अनुसार अज्जन के आपराधिक कृत्यों के कारण क्षेत्र में आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। विशेष रूप से युवा वर्ग नशे की लत का शिकार होकर अपने भविष्य से खिलवाड़ कर रहा था। इस नेटवर्क ने समाज में गंभीर संकट उत्पन्न किया।
पहले से जेल में बंद आरोपी
पुलिस ने बताया कि मिस्बाहुर्रहमान उर्फ अज्जन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वह पिछले कई वर्षों से मादक पदार्थों के कारोबार में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ थाना जैदपुर, बाराबंकी और लखनऊ में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

